पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। टीएमसी नेता जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने नेपाल बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह देश छोड़कर नेपाल भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे दबोच लिया।
जहांगीर खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फालता थाने में सात एफआईआर दर्ज हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उस पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप हैं। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि उसके समर्थकों द्वारा महिलाओं को धमकियां देने के मामले के बाद उस पर शिकंजा कसा गया।
गौरतलब है कि जहांगीर खान ने 2026 का विधानसभा चुनाव फालता सीट से लड़ा था। चुनावी विवादों के चलते यहां दोबारा मतदान कराया गया था, लेकिन री-पोलिंग से ठीक 48 घंटे पहले उसने चुनाव मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब नेपाल बॉर्डर से हुई गिरफ्तारी ने बंगाल की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। फिलहाल पुलिस उसे कोलकाता लेकर जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।







