विपक्षी एकता की तस्वीर एक बार फिर दिल्ली में नजर आ रही है। INDIA ब्लॉक की सातवीं बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत देश के कई बड़े नेता शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी-एससीपी की सुप्रिया सुले और अभिषेक बनर्जी भी बैठक में मौजूद रहे, जबकि उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़े। कांग्रेस का दावा है कि बैठक में 23 विपक्षी दल शामिल हुए हैं। करीब दो साल बाद हो रही इस अहम बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, विपक्षी एकजुटता और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा अभियान पर चर्चा की जा रही है। इस बीच शरद पवार ने भी संदेश दिया कि मौजूदा दौर में INDIA ब्लॉक के सभी सहयोगी दलों को एकजुट रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।







