अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तेलंगाना के 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि यह कोई सामान्य लूटपाट नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश थी। बताया जा रहा है कि अंशुल को एक फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाया गया। शनिवार देर रात उन्हें एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पते पर पिज्जा डिलीवर करने का ऑर्डर मिला था। जब वे वहां पहुंचे तो कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। इसी दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और सिर में कई गोलियां मार दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अंशुल अमेरिका में अच्छी नौकरी करते थे, लेकिन अतिरिक्त आय के लिए सप्ताहांत में पिज्जा डिलीवरी का पार्ट-टाइम काम भी करते थे। इस सनसनीखेज हत्या के बाद परिवार ने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







