भोपाल के लालघाटी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एलर कॉम्प्लेक्स नाम की तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग कॉम्प्लेक्स में संचालित भोज इन रेस्टोरेंट में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
सबसे पहले पड़ोसी बिल्डिंग के गार्ड की नजर धुएं पर पड़ी। शुरुआत में उसे लगा कि यह रोज की तरह किचन का धुआं है, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों से 8 दमकल वाहन और तीन पानी के टैंकर पहुंचाए गए। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बापू की कुटिया और ग्राउंड फ्लोर पर डोमिनोज सहित कई दुकानें संचालित हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग का पता चल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।







