पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में अब बड़ा खुलासा सामने आया है। 2 जून की रात हुई फायरिंग का नया वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी वीडियो में दावा किया गया है कि फायरिंग खान सर के गार्डों ने की थी। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंचकर दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया। करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गार्डों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों के हथियार जब्त कर जांच शुरू कर दी है और वीडियो सत्यापन के बाद नई FIR भी दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर की रिहाई की मांग को लेकर हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। कोचिंग से कारगिल चौक तक निकाले गए मार्च में छात्रों ने कैंडल जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।







