प्रयागराज के चर्चित चार हत्याकांड का ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। करोड़पति कारोबारी परिवार की मौत के पीछे कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि घर का अपना बेटा निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मां, पिता और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। मकसद था डेढ़ करोड़ रुपए के गहनों पर कब्जा और पुरानी रंजिश का बदला।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। हत्या के बाद जब दोनों आरोपी लूटे गए सोना-चांदी का बंटवारा करने बैठे, तो लालच ने दोस्ती को भी निगल लिया। गहनों में हिस्सा न मिलने पर दोस्त सनी गुप्ता भड़क गया और उसने उसी बेटे को मौत के घाट उतार दिया, जिसने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक कारोबारी पिता ने साल 2022 में बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। इसी नाराजगी ने उसे इतना अंधा बना दिया कि उसने अपने ही परिवार के खून से हाथ रंग लिए। आरोपी सनी गुप्ता ने पुलिस हिरासत में चौंकाने वाला बयान दिया। उसने कहा, “जो अपने मां-बाप का नहीं हुआ, वो मेरा क्या होता। उसने मुझे लालच दिया, लेकिन हिस्सा नहीं दिया, इसलिए मैंने उसे मार दिया।”
एक परिवार, चार हत्याएं, डेढ़ करोड़ के गहने और लालच की ऐसी कहानी, जिसने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत को कटघरे में खड़ा कर दिया है।







