पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग “ग्लोबल स्टडीज” पर हुए हमले के बाद माहौल गर्मा गया है। घटना के विरोध में बुधवार को कोचिंग संस्थान बंद रखा गया। खान सर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी, क्योंकि हालात सामान्य नहीं हैं।
खान सर के मुताबिक हमले में कोचिंग के सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं। गार्ड का सिर फोड़ दिया गया, जिसके बाद उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। शुरुआती बयान में खान सर ने 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी इतनी ज्यादा थी कि उन्हें सही स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाया।
वहीं, पुलिस ने फायरिंग की किसी भी घटना से साफ इनकार किया है। खान सर द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है। इस बीच बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग के बाहर सड़क पर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक खान सर को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान “खान सर जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई है।







