अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को कुछ ही घंटों में मातम में बदल दिया। भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की शादी 29 मई को जेस्नी के साथ धूमधाम से हुई थी। डॉसनविल स्थित ‘द रिवेरे’ वेडिंग वेन्यू में आयोजित समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा हेलिकॉप्टर से अटलांटा के लिए रवाना हुआ, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में पायलट डेव फिजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जेस्नी करीब छह घंटे तक हेलिकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं, जिसके बाद बचाव दल ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना ने परिवार, दोस्तों और शादी में शामिल सैकड़ों मेहमानों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) दुर्घटना की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच रिपोर्ट अगले 30 दिनों में आने की उम्मीद है। यह हादसा एक ऐसे सपने का अंत बन गया, जिसकी शुरुआत कुछ घंटे पहले ही सात फेरों और खुशियों के साथ हुई थी।







