देश की राजनीति और सोशल मीडिया की दुनिया में चर्चा का विषय बने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटने वाले हैं। भारत पहुंचते ही वे राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। अभिजीत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘कॉकरोच इज बैक’ अकाउंट के जरिए इसकी घोषणा की है। उनका कहना है कि प्रदर्शन के दौरान वे शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे और इस मुद्दे को राष्ट्रीय बहस का विषय बनाएंगे।
30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और डिजिटल मीडिया रणनीति के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वे फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। अभिजीत इससे पहले 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट भी रह चुके हैं और दिल्ली विधानसभा चुनाव में वायरल डिजिटल कैंपेन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। किसान आंदोलन, महंगाई और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना को लेकर भी वे लगातार चर्चा में रहे हैं। अब उनके भारत लौटने और जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है।







