देशभर में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग अब एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेने जा रही है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राष्ट्रव्यापी अभियान का ऐलान करते हुए सनातन समाज, गौ सेवकों और संतों से एकजुट होने का आह्वान किया है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि 27 जुलाई को भारत के हर जिले में ज्ञापन सौंपे जाएंगे और बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अब देश में गाय को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है और समाज के हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है।
फिलहाल पंडित धीरेंद्र शास्त्री उत्तराखंड के पवित्र श्री बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर हैं। 21 दिनों की कठिन साधना पूरी करने के बाद उन्होंने श्री सत्यनारायण भगवान की पांच दिवसीय कथा का शुभारंभ किया। कथा के पहले दिन व्यासपीठ से उन्होंने गौ माता के सम्मान को राष्ट्र की आस्था और संस्कृति से जोड़ते हुए इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना का विषय है। कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी “गौ माता राष्ट्र माता” के जयकारों के साथ इस अभियान का समर्थन किया। अब 27 जुलाई को देशभर में इस मुद्दे को लेकर बड़ा माहौल बनने की तैयारी शुरू हो गई है।







