खजुराहो में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 25वें काउंटडाउन महोत्सव का आयोजन स्वास्थ्य और संतुलन का संदेश देने के लिए किया गया था। कार्यक्रम में करीब 800 लोगों ने सामूहिक योग, प्राणायाम और ध्यान कर फिट इंडिया का संदेश दिया। वातावरण पूरी तरह योगमय नजर आया और लोगों ने मानसिक शांति के साथ स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
लेकिन कार्यक्रम खत्म होते-होते एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसने पूरे आयोजन को चर्चा का विषय बना दिया। जैसे ही भोजन वितरण शुरू हुआ, वहां अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। खाने के पैकेट लेने के लिए लोग एक साथ उमड़ पड़े। किसी ने एक नहीं, कई पैकेट उठा लिए तो कोई धक्का-मुक्की के बीच आगे निकलने की कोशिश करता दिखाई दिया।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि योग में संयम और धैर्य का संदेश देने वाले लोग भोजन वितरण के दौरान खुद ही व्यवस्था भूल बैठे। आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग जल्द से जल्द पैकेट लेने की होड़ में जुट गए।
अब इस वीडियो पर सोशल मीडिया में लोग जमकर चुटकी ले रहे हैं। कोई इसे ‘धक्का योग’ बता रहा है तो कोई कह रहा है कि खाने के सामने योग का संयम ज्यादा देर टिक नहीं पाया। फिलहाल यह वीडियो खजुराहो के योग महोत्सव से ज्यादा भोजन वितरण की अव्यवस्था को लेकर चर्चा में बना हुआ है।







