कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर उन्होंने मंत्रियों के साथ अहम ब्रेकफास्ट मीटिंग की, जिसमें अपने फैसले की जानकारी दी। इस खबर के सामने आते ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई।
बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी पहुंचे। इस दौरान शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए, जिसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस भावुक पल ने सत्ता परिवर्तन की अटकलों को और मजबूत कर दिया। कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन ने दावा किया है कि डीके शिवकुमार अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन राज्यपाल फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। नियमों के अनुसार राज्यपाल की अनुपस्थिति में भी मुख्यमंत्री ई-मेल या लिखित रूप में इस्तीफा दे सकते हैं।
अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान और अगले मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई है। अगर डीके शिवकुमार को जिम्मेदारी मिलती है, तो यह कर्नाटक कांग्रेस में नए शक्ति संतुलन की शुरुआत मानी जाएगी।







