रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार पहाड़ गांव में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुएं में महिला और उसके मासूम बेटे के शव तैरते मिले। मृतकों की पहचान 31 वर्षीय मीना कुशवाहा और उनके 5 वर्षीय बेटे सौरभ कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय युवक ने सबसे पहले कुएं में शव देखे और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मृतका का पति दुर्गेश कुशवाहा मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता है और घटना के समय गांव में मौजूद नहीं था।
पोस्टमार्टम रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह हादसा, आत्महत्या या किसी साजिश का मामला है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।







