सतना जिले के उचेहरा ब्लॉक से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां फूड पॉइजनिंग के कारण सात साल के मासूम किशुन की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य अभी भी बीमार हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि 20 मई की रात परिवार के सभी लोगों ने घर में बनी करेले की सब्जी और रोटी खाई थी। इसके बाद सभी ने बेल का शरबत भी पिया। देर रात अचानक मासूम किशुन की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तेज उल्टी-दस्त और चक्कर आने लगे। कुछ ही देर में घर के बाकी सदस्य भी उसी तरह की परेशानी से तड़पने लगे।
परिवार के लोग सुबह अस्पताल ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि मासूम किशुन ने घर में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अब स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
Post Views: 5







