मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के चेयरमैन इब्राहिम अजीजी ने घोषणा की है कि ईरान जल्द ही जहाजों की आवाजाही के लिए नया सिस्टम लागू करेगा। उनके मुताबिक यह व्यवस्था ईरान की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
अजीजी ने साफ कहा कि इस सिस्टम का फायदा सिर्फ उन्हीं देशों और कारोबारी जहाजों को मिलेगा जो ईरान के साथ सहयोग करेंगे। इतना ही नहीं, इस विशेष सुविधा के बदले टैक्स भी वसूला जाएगा। माना जा रहा है कि ईरान अब होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ को रणनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करने की तैयारी में है, क्योंकि दुनिया के बड़े हिस्से का तेल व्यापार इसी रास्ते से गुजरता है।
ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मोखबर ने कुवैत और UAE को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अब तक संयम बरता है, लेकिन यह हमेशा जारी नहीं रहेगा।
मोखबर ने आरोप लगाया कि खाड़ी देशों ने अपने इलाके को ईरान के दुश्मनों के इस्तेमाल के लिए खुला छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने लंबे समय तक इन देशों को दोस्त और भाई माना, लेकिन अब उन्होंने अपनी आजादी तक बेच दी है और दुश्मनों को अपनी जमीन इस्तेमाल करने दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के इन बयानों से खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है, जिसका असर वैश्विक तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर भी दिखाई दे सकता है।







