दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंध रखने के आरोप में मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित ढाबे और हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीकमगढ़ निवासी अनमोल राय, ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर और विवेक बंजारा के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने तीनों को उनके गांवों से हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए दिल्ली रवाना किया है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
मोबाइल से मिले संदिग्ध सबूत, पाकिस्तान भेजी गई थीं तस्वीरें
स्पेशल सेल के एसीपी पीएस कुशवाहा के अनुसार तीनों आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, लेकिन इनके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध ई-मेल और चैट सामने आई हैं। जांच में यह भी पता चला है कि सोशल मीडिया के जरिए संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी गई थीं।
पुलिस को ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड में भी कई संदिग्ध नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा था और इनके संपर्क किन लोगों से जुड़े हुए थे।







