शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती महक और उसकी 3 माह की बेटी आरोही के अपहरण का मामला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सुलझा लिया है। शनिवार शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया और दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दोनों को गुजरात ले जाने की योजना बना रहा था। गिरफ्तारी के बाद पीड़िता को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसने आरोपी के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। महक ने यह भी बताया कि पहले सामने आए वीडियो को दबाव बनाकर रिकॉर्ड कराया गया था, जिसमें उसे अपनी मर्जी से जाने की बात कहने के लिए मजबूर किया गया था।
हथियारों के साथ घर में घुसकर दिया गया था वारदात को अंजाम, CCTV फुटेज से खुला राज
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है, जब करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान अपने करीब 10 साथियों के साथ नीलम गुहारिया के घर पहुंचा। परिजनों के अनुसार सभी आरोपी हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर 22 वर्षीय महक और उसकी 3 माह की बेटी को उठा लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता की मां नीलम ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से अहम सुराग मिले और पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया।







