दतिया जिले के भांडेर में मंगलवार को विकास की नई इबारत लिखी गई, जब डॉ. मोहन यादव ने 62 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 10 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:22 बजे हेलीकॉप्टर से बेरछ रोड स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद मंडी प्रांगण की ओर जाते समय उन्होंने अचानक बिछरेटा गांव में एक किसान के खेत पर रुककर सबको चौंका दिया।
यहां उन्होंने स्ट्रा रीपर मशीन को कार्य करते हुए देखा और स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर फसल प्रबंधन की बारीकियों को समझा। किसानों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि नई तकनीकें खेती को अधिक लाभकारी बना सकती हैं।
किसानों से सीधा संवाद, समग्र विकास का संदेश
मंडी प्रांगण पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के लाभ भी वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करना है। किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान देना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल विकास कार्यों की सौगात लेकर आया, बल्कि किसानों के बीच भरोसे और जुड़ाव को भी मजबूत करता नजर आया।







