राजधानी में धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ई-मेल में दावा किया गया था कि कार्यालय परिसर में ड्रोन के जरिए चार छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो मंगलवार दोपहर 2 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही मेल में कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी।
सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली कराया गया। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कर्मचारियों को बाहर निकालकर भवन की गहन तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सर्चिंग के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे कुछ हद तक राहत मिली है।
यह मामला और भी गंभीर इसलिए हो गया है क्योंकि एक दिन पहले भी इसी कार्यालय को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। उस मेल में पुलिस की जांच प्रणाली और प्रतिक्रिया को परखने की बात कही गई थी। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। साइबर टीम के साथ मिलकर ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी जांच के जरिए मेल के स्रोत और भेजने वाले तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियां प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।







