इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में जल्द ही दर्शकों के लिए एक अनोखा आकर्षण जुड़ने जा रहा है। यहां अत्याधुनिक 14-D थिएटर तैयार किया जा रहा है, जिसमें चाइना की उन्नत तकनीक का उपयोग किया गया है। यह थिएटर अप्रैल महीने में शुरू हो सकता है। इसकी खासियत यह होगी कि दर्शक आभासी दुनिया में प्रवेश कर असली रोमांच का अनुभव कर सकेंगे, जहां दृश्य, ध्वनि और स्पेशल इफेक्ट्स मिलकर एक जीवंत अनुभव प्रदान करेंगे।
चिड़ियाघर प्रबंधन का दावा है कि यह देश का पहला जू होगा जहां 14-D थिएटर की सुविधा उपलब्ध होगी। दिलचस्प बात यह है कि इस थिएटर का निर्माण उस स्थान पर किया गया है जो पहले उपयोग में नहीं था और मास्टर प्लान से बाहर था। पिछले साल मार्च में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब 80 से 85 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से जारी है और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने की पहल चिड़ियाघर के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, इस 14-D थिएटर में दिखाई जाने वाली सभी फिल्में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित होंगी। इसका उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि लोगों में प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
यह पहल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी आयु वर्ग के दर्शकों को आकर्षित करेगी। आधुनिक तकनीक और शैक्षणिक संदेश के इस अनूठे संयोजन से चिड़ियाघर का अनुभव पहले से कहीं अधिक रोचक और ज्ञानवर्धक बनने वाला है।







