इंदौर। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी जेल से बाहर आने से पहले ही पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ ‘डकैत’ का नाम एक बार फिर शहर में खौफ की वजह बनता दिख रहा है। शहर के प्रसिद्ध श्री गोवर्धननाथ मंदिर में एक महिला द्वारा कथित तौर पर खुलेआम हंगामा, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला, अनवर कादरी का नाम लेकर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन को डराने की कोशिश कर रही है।
घटना से परेशान मंदिर समिति ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और मल्हारगंज थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। समिति का कहना है कि रोजाना हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन महिला के उत्पात और धमकियों से भय का माहौल बन गया है और धार्मिक शांति भंग हो रही है।
मल्हारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस मंदिर में मंजू शर्मा नामक महिला पर लगातार अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार महिला भीड़ में धक्का-मुक्की करती है, अभद्र भाषा का प्रयोग करती है और विरोध करने पर अनवर कादरी उर्फ डकैत का नाम लेकर धमकाती है। महिला कथित तौर पर यह दावा करती है कि उसके कादरी से करीबी संबंध हैं और वह किसी को भी “निपटा” सकती है।
इतना ही नहीं, मंदिर के मुख्य मार्ग और प्रवेश द्वार के पास सब्जी वालों को बैठाकर रास्ता जाम करने के भी आरोप हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंदिर प्रबंधन जब उसे हटाने का प्रयास करता है, तो महिला और अधिक उग्र होकर गाली-गलौज और दबंगई पर उतर आती है। मंदिर समिति ने पूरे मामले में सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि अनवर कादरी का नाम जून 2025 में सामने आए कथित लव जिहाद फंडिंग मामले में आया था। एक युवती की शिकायत के आधार पर दर्ज केस में पुलिस जांच के दौरान यह आरोप सामने आए कि इस तरह की गतिविधियों के लिए फंडिंग की जाती थी, जिसमें कादरी को मुख्य आरोपी बनाया गया। फरारी के बाद कादरी ने अदालत में सरेंडर किया था और वह न्यायिक हिरासत में था। अब जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई की तैयारी है, लेकिन उससे पहले ही उसके नाम पर मंदिर में कथित दबंगई की शिकायत ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।







