मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शाम के समय राज्य के कई हिस्सों में तेज़ गरज-चमक के साथ आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आगर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी और कूनो नेशनल पार्क क्षेत्र में मध्यम स्तर का तूफानी मौसम देखने को मिल सकता है। ग्वालियर एयरपोर्ट, निवाड़ी, ओरछा और दतिया-रतनगढ़ इलाके भी इस प्रभाव से अछूते नहीं रहेंगे।
वहीं उत्तर राजगढ़, गुना, श्योपुरकलां, टीकमगढ़, अशोकनगर, उत्तर छतरपुर और खजुराहो सहित उज्जैन के महाकालेश्वर क्षेत्र, खरगोन, बड़वानी के बावागजा, धार और रतलाम में हल्की गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
इस मौसम के बदले मिज़ाज का असर मंगलवार शाम शाजापुर में साफ देखने को मिला, जहां अचानक हुई ओलावृष्टि ने लोगों को चौंका दिया। यहां बेर के आकार के ओले गिरे, जिससे खेतों और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग अचानक बदले मौसम से सकते में हैं, जबकि किसान आने वाले घंटों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों को अहम बताया है और लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।








