इंदौर का होलकर स्टेडियम कल भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले वनडे मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मैच का रोमांच तभी पूरा होगा जब दर्शक नियमों का पालन करेंगे। स्टेडियम में सुरक्षा को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं और कुछ वस्तुओं पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। रेडियो, कैमरा, हेलमेट, बोतल, माचिस, सिगरेट, लैपटॉप, पावर बैंक, बड़े बैग, ज्वलनशील पदार्थ, चाकू या किसी भी तरह के हथियार, शराब और नशीले पदार्थ स्टेडियम के अंदर ले जाना सख्त मना है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश से रोका जा सकता है।
क्या ले जा सकते हैं और क्या भूलकर भी नहीं करें, वरना मैच से पहले ही बढ़ सकती है मुश्किल
दर्शक अपने साथ मोबाइल फोन, इयरफोन, हैंड बैग, घड़ी, गॉगल्स, बेल्ट, जैकेट, कैप और साधारण ज्वेलरी ले जा सकते हैं, लेकिन सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। स्टेडियम परिसर में साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए पानी के पाउच या प्लास्टिक की थैलियां इधर-उधर न फेंकें। मैच के दौरान किसी भी खिलाड़ी, दर्शक या व्यक्ति के खिलाफ अपशब्द, आपत्तिजनक या नस्लीय टिप्पणी करना अपराध की श्रेणी में आता है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें और अन्य देशों के झंडों का अपमान न करें। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि नियमों का पालन करने वालों के लिए मैच यादगार होगा, लेकिन लापरवाही करने वालों के लिए यह रोमांच परेशानी में बदल सकता है।








