खरगोन जिले के बड़वाह नगर में इंदौर–इच्छापुर नेशनल हाईवे पर आज दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इंदौर सेंट्रल जेल में पदस्थ सहायक जेलर आशु राजोरिया अपनी 24 वर्षीय बड़ी बहन रिचा को बाइक पर बैठाकर ओंकारेश्वर दर्शन के लिए निकले थे। यात्रा अभी शुरू ही हुई थी कि अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि रिचा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आशु राजोरिया चमत्कारिक रूप से बच गए। सड़क पर कुछ ही पलों में खुशियों भरा सफर मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वाह थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डंपर को जप्त कर लिया है और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतका रिचा का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है।







