Home » Uncategorized » नाम बदला, भरोसा तोड़ा: इंस्टाग्राम दोस्ती से दुष्कर्म तक…

नाम बदला, भरोसा तोड़ा: इंस्टाग्राम दोस्ती से दुष्कर्म तक…

शादी का झांसा, धर्म परिवर्तन का दबाव और वीडियो वायरल की धमकी, इंदौर में पकड़ा गया ‘अजय उर्फ सलमान’

इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों की सच्चाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवक ने नाम बदलकर दोस्ती की, शादी का झांसा दिया और फिर महिला को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया।

पीड़िता की आरोपी से करीब छह साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। युवक ने खुद को अजय बताकर पहचान छिपाई और धीरे-धीरे महिला का भरोसा जीत लिया। बातचीत के दौरान उसने शादी का वादा किया और यहां तक कहा कि वह पीड़िता के बच्चों को भी अपनाएगा। भरोसे की इसी डोर में बंधकर महिला उसके करीब आती चली गई।

पीड़िता पहले से शादीशुदा है और पति से अलग रहकर इंदौर में एक कैंटीन में काम करती है। आरोपी ने शादी के लिए समय मांगा, लेकिन संबंध बनाने के बाद वह लगातार टालमटोल करता रहा। करीब तीन साल पहले वह पीड़िता को हरियाणा घुमाने ले गया। वहीं से कहानी ने खौफनाक मोड़ ले लिया।

हरियाणा यात्रा के दौरान आरोपी के मोबाइल पर रोशनी खान नाम की महिला के लगातार कॉल आने लगे। पूछने पर उसने बात टाल दी, लेकिन जब पीड़िता की सीधे रोशनी से बात हुई, तो सच्चाई सामने आ गई। आरोपी का असली नाम सलमान निकला और रोशनी उसकी पत्नी थी।

सच सामने आने के बाद पीड़िता ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने पत्नी को तलाक देने का झांसा देकर दोबारा भरोसा जीतने की कोशिश की और साथ ही धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंदौर लौटने के बाद पीड़िता ने संपर्क तोड़ लिया, तो आरोपी ने अलग-अलग नंबरों और फर्जी आईडी से कॉल और मैसेज कर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी एक बार फिर इंदौर आया और तिलक नगर क्षेत्र के एक होटल में पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने आखिरकार अपनी सहेली को पूरी आपबीती बताई और फिर हिंदूवादी संगठन के नेता लक्की रघुवंशी से संपर्क किया।

हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने आरोपी को बहाने से इंदौर बुलवाया और गुरुवार रात उसे पकड़कर तिलक नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन पर आरोपी अजय उर्फ सलमान पुत्र इसरार खान, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हरियाणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों की जांच कर रही है। यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सोशल मीडिया पर बनते रिश्तों की सच्चाई को भी उजागर करता है।

Share This
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x