
एक क्लिक और खाली हो सकता है अकाउंट, पुलिस ने जारी किया SAFE CLICKS अलर्ट
18 जनवरी को इंदौर में होने वाला भारत बनाम न्यूज़ीलैंड क्रिकेट मुकाबला जहां खेल प्रेमियों के लिए रोमांच लेकर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर यह मुकाबला साइबर अपराधियों के लिए कमाई का नया जरिया बनता जा रहा है।
मैच के टिकटों को लेकर बढ़ते उत्साह का फायदा उठाते हुए साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी पोस्ट, नकली वेबसाइट और भ्रामक लिंक के ज़रिए लोगों को टिकट उपलब्ध कराने का झांसा दे रहे हैं। जैसे ही लोग इन लिंक पर क्लिक करते हैं, वे ठगी का शिकार हो जाते हैं और उनका बैंक अकाउंट या डिजिटल वॉलेट खाली हो जाता है।
इस खतरे को देखते हुए इंदौर पुलिस ने “SAFE CLICKS” अभियान के तहत नागरिकों को अलर्ट किया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि टिकट केवल आधिकारिक और सत्यापित प्लेटफॉर्म से ही खरीदें। किसी भी व्यक्ति, पोस्ट या अनजान लिंक पर भरोसा करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
इंदौर पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को टिकट दिलाने से जुड़ा कोई संदिग्ध मैसेज, पोस्ट या लिंक दिखाई दे, या कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाए, तो बिना देरी किए **राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, इंदौर पुलिस साइबर हेल्पलाइन 7049124445 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
याद रखें, मैच का मज़ा मैदान में लें, ऑनलाइन जाल में नहीं। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।







