भागीरथपुरा में दूषित पानी का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान एक और मरीज ने दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों गहरा गए हैं। इस ताज़ा मौत के साथ ही दूषित पानी से मरने वालों की संख्या 33 तक पहुंच चुकी है।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय अलगू चौधरी के रूप में हुई है, जिन्हें 9 जनवरी को गंभीर हालत में अरबिंदो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद गुरुवार रात उनकी मौत हो गई। इस त्रासदी को और भी भयावह बनाता है यह सच कि अलगू चौधरी की पत्नी की भी कुछ दिन पहले इसी दूषित पानी के कारण मौत हो चुकी थी।
एक ही परिवार से दो जिंदगियों का यूं खत्म हो जाना प्रशासन की तैयारियों और दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इलाके के लोग अब सिर्फ शुद्ध पानी नहीं, बल्कि जवाब मांग रहे हैं आख़िर कब रुकेगा यह मौतों का सिलसिला?







